Tuesday, June 23, 2026
English edition Join Group Now

India

UPSC IFS 2025 में चमकी राजनांदगांव की सुष्मिता सिंह, 32वीं रैंक से बढ़ाया मान

May 10, 2026 Source: Civic Sutra

Join Now
UPSC IFS 2025 में चमकी राजनांदगांव की सुष्मिता सिंह, 32वीं रैंक से बढ़ाया मान
छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव की रहने वाली सुष्मिता सिंह ने UPSC भारतीय वन सेवा (IFS) परीक्षा 2025 में 32वीं रैंक हासिल कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। संघ लोक सेवा आयोग द्वारा जारी अंतिम परिणाम में देशभर से 148 उम्मीदवारों का चयन किया गया, जिनमें सुष्मिता सिंह का नाम भी शामिल है। उनकी इस बड़ी उपलब्धि से पूरे छत्तीसगढ़ में खुशी और गर्व का माहौल है। सुष्मिता सिंह की शुरुआती शिक्षा राजनांदगांव के जेएमजे नवजीवन स्कूल और रॉयल किड्स स्कूल में हुई। इसके बाद उन्होंने डीएवी पब्लिक स्कूल सरकंडा, जैन इंटरनेशनल स्कूल बिलासपुर और डीपीएस भिलाई से अपनी स्कूली पढ़ाई पूरी की। आगे की पढ़ाई के लिए उन्होंने यूपीएस देहरादून से कंप्यूटर साइंस में बीटेक की डिग्री प्राप्त की। इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद सुष्मिता ने कुछ समय तक नौकरी भी की, लेकिन UPSC जैसी कठिन परीक्षा की तैयारी में पूरा ध्यान लगाने के लिए उन्होंने नौकरी छोड़ने का फैसला लिया। उन्होंने लगातार मेहनत, अनुशासन और धैर्य के साथ तैयारी जारी रखी। कई चुनौतियों का सामना करने के बाद आखिरकार अपने पांचवें प्रयास में उन्होंने यह शानदार सफलता हासिल की। सुष्मिता सिंह का परिवार भी वन सेवा से जुड़ा रहा है। उनके पिता भारतीय वन सेवा के अधिकारी रह चुके हैं और छत्तीसगढ़ में कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। परिवार से मिले मार्गदर्शन और प्रेरणा ने सुष्मिता को अपने लक्ष्य तक पहुंचने में काफी मदद की। अपनी सफलता का श्रेय सुष्मिता ने अपनी मां की प्रेरणा, पिता के मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग को दिया है। उन्होंने कहा कि किसी भी लक्ष्य को पाने के लिए निरंतर मेहनत, आत्मविश्वास और धैर्य बेहद जरूरी है। उनकी सफलता आज प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है और यह साबित करती है कि मजबूत इरादों के साथ कोई भी सपना पूरा किया जा सकता है।