Chhattisgarh
छत्तीसगढ़ संस्कृति विभाग ने संत रविदास सम्मान के लिए मांगे आवेदन
October 22, 2026 Source: Civic Sutra
रायपुर, 21 अक्टूबर 2026/
छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग द्वारा सामाजिक समरसता, साहित्य और काव्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को प्रोत्साहित एवं सम्मानित करने के उद्देश्य से राज्य स्तरीय 'संत रविदास सम्मान' के लिए प्रविष्टियां आमंत्रित की गई हैं। इच्छुक व्यक्ति निर्धारित प्रारूप में 26 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
संस्कृति विभाग द्वारा संत रविदास जी के सामाजिक समानता, समरसता और मानव कल्याण के आदर्शों को आगे बढ़ाने तथा साहित्य एवं काव्य के क्षेत्र में दीर्घकालीन साधना और विशिष्ट उपलब्धियां अर्जित करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित करने के उद्देश्य से इस राज्य स्तरीय सम्मान की स्थापना की गई है। इस पहल के माध्यम से सामाजिक समानता, साहित्यिक सृजन और समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए कार्य करने वाली प्रतिभाओं को पहचान एवं प्रोत्साहन मिलेगा।
*26 अक्टूबर तक जमा कर सकेंगे आवेदन*
संस्कृति विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार संत रविदास सम्मान के लिए निर्धारित प्रारूप में प्रविष्टियां 26 अक्टूबर 2026 को शाम 5:30 बजे तक जमा की जा सकेंगी। आवेदक अपनी प्रविष्टियां संचालनालय संस्कृति एवं राजभाषा, द्वितीय तल, व्यावसायिक परिसर, सेक्टर-27, अटल नगर, नवा रायपुर में ऑफलाइन जमा कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
सम्मान के लिए आवेदन की निर्धारित प्रक्रिया, प्रारूप एवं अन्य विस्तृत जानकारी संस्कृति विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.cgculture.in पर उपलब्ध है। विभाग ने सामाजिक समरसता तथा साहित्य एवं काव्य के क्षेत्र में कार्यरत पात्र व्यक्तियों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपनी प्रविष्टियां प्रस्तुत करने का आग्रह किया है।