Saturday, July 11, 2026
English edition Join Group Now

World

FIFA World Cup 2026: मोरक्को को 2-0 से हराकर फ्रांस सेमीफाइनल में, जीत के बाद दो देशों में अलग-अलग तस्वीर

July 10, 2026 Source: Civic Sutra

Join Now
FIFA World Cup 2026: मोरक्को को 2-0 से हराकर फ्रांस सेमीफाइनल में, जीत के बाद दो देशों में अलग-अलग तस्वीर
FIFA World Cup 2026 के क्वार्टरफाइनल में फ्रांस ने मोरक्को को 2-0 से हराकर शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली। इस जीत के बाद जहां फ्रांस की राजधानी पेरिस में हजारों फुटबॉल प्रशंसकों ने शांतिपूर्ण तरीके से जश्न मनाया, वहीं ब्रिटेन की राजधानी लंदन में हालात बिगड़ गए और कई जगह अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। ब्रिटिश मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मैच खत्म होने के कुछ समय बाद वेस्ट लंदन में पुलिस और कुछ उपद्रवियों के बीच झड़प हो गई। इस दौरान एक पुलिस अधिकारी पर हमला किया गया, जिससे वह घायल हो गया। घायल अधिकारी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि हालात पर काबू पाने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। सोशल मीडिया पर सामने आए कई वीडियो में एडगवेयर रोड पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी भीड़ को नियंत्रित करते नजर आए। कुछ फुटेज में घायल पुलिस अधिकारी सड़क पर दिखाई देता है, जहां मेडिकल टीम उसका प्राथमिक उपचार करती नजर आती है। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए दंगा-रोधी उपकरणों से लैस पुलिसकर्मियों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। दूसरी ओर, पेरिस में मैच के बाद का माहौल पूरी तरह अलग रहा। मुकाबले से पहले सुरक्षा एजेंसियों को आशंका थी कि फ्रांस और मोरक्को के बीच हाई-प्रोफाइल मैच के बाद तनाव या हिंसा भड़क सकती है, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। फ्रांस की जीत के बाद हजारों समर्थक सड़कों पर उतरे और उत्साह के साथ जीत का जश्न मनाया, लेकिन पूरे आयोजन के दौरान शांति बनी रही। संभावित सुरक्षा जोखिमों को देखते हुए फ्रांस सरकार ने पहले ही पूरे देश में 20 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की थी। इनमें करीब 8 हजार पुलिसकर्मी केवल पेरिस में मौजूद थे। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की सतर्कता के चलते राजधानी में किसी बड़ी हिंसक घटना की सूचना नहीं मिली और जीत का जश्न शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।