Saturday, July 11, 2026
English edition Join Group Now

World

Share Market Today : सेंसेक्स ने लगाई 700 अंकों की छलांग, निफ्टी भी दौड़ा, TCS बना बाजार का हीरो

July 10, 2026 Source: Civic Sutra

Join Now
Share Market Today : सेंसेक्स ने लगाई 700 अंकों की छलांग, निफ्टी भी दौड़ा, TCS बना बाजार का हीरो
Share Market Today : शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार ने दमदार शुरुआत की और शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स करीब 700 अंकों की तेजी के साथ 77,500 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं, निफ्टी भी लगभग 200 अंक चढ़कर 24,150 के आसपास कारोबार करता दिखा। बाजार में सबसे ज्यादा खरीदारी आईटी और मेटल सेक्टर के शेयरों में देखने को मिली, जिससे निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ। आज की तेजी की सबसे बड़ी वजह टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) के बेहतर तिमाही नतीजे रहे। कंपनी का शेयर 2 फीसदी से ज्यादा चढ़ गया। पहली तिमाही में TCS का शुद्ध मुनाफा बढ़कर 13,349 करोड़ रुपये पहुंच गया, जबकि कंपनी का राजस्व भी सालाना आधार पर बढ़कर 72,275 करोड़ रुपये हो गया। हालांकि पिछले एक साल में कंपनी का शेयर काफी गिरा था, लेकिन ताजा नतीजों ने निवेशकों को राहत दी है। कंपनी ने 12 रुपये प्रति शेयर के अंतरिम डिविडेंड का भी ऐलान किया है और इसके लिए 15 जुलाई को रिकॉर्ड डेट तय की गई है। घरेलू बाजार को एशियाई शेयर बाजारों से भी मजबूत समर्थन मिला। दक्षिण कोरिया का कोस्पी, जापान का निक्केई और हांगकांग का हैंगसेंग इंडेक्स सभी बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं। वहीं, अमेरिकी बाजार भी पिछले कारोबारी सत्र में मजबूती के साथ बंद हुए थे, जिससे वैश्विक निवेशकों का रुझान सकारात्मक बना हुआ है। संस्थागत निवेशकों के आंकड़ों पर नजर डालें तो विदेशी निवेशकों (FII) ने गुरुवार को 533 करोड़ रुपये की बिकवाली की, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 2,058 करोड़ रुपये की खरीदारी कर बाजार को सहारा दिया। इससे पहले गुरुवार को भी सेंसेक्स 238 अंकों की बढ़त के साथ बंद हुआ था। लगातार दूसरे दिन आई तेजी से साफ है कि मजबूत कॉर्पोरेट नतीजे, आईटी शेयरों में खरीदारी और वैश्विक बाजारों के सकारात्मक संकेतों ने भारतीय शेयर बाजार का माहौल फिलहाल मजबूत बनाए रखा है।