Saturday, July 11, 2026
English edition Join Group Now

India

अब E25 पेट्रोल की बारी! Ethanol बढ़ाने की तैयारी, जानिए किसे होगी परेशानी

July 8, 2026 Source: Civic Sutra

Join Now
अब E25 पेट्रोल की बारी! Ethanol बढ़ाने की तैयारी, जानिए किसे होगी परेशानी
देश में E20 पेट्रोल लागू होने के बाद अब केंद्र सरकार E25 पेट्रोल लाने की दिशा में काम कर रही है। हालांकि इस बार सरकार कोई जल्दबाजी नहीं करना चाहती। पहले यह जांच की जा रही है कि मौजूदा E20 पेट्रोल का वाहनों के इंजन, माइलेज और परफॉर्मेंस पर क्या असर पड़ा है। इसी रिपोर्ट और ऑटो इंडस्ट्री से मिले फीडबैक के आधार पर E25 लागू करने पर अंतिम फैसला लिया जाएगा। सरकारी सूत्रों के अनुसार, पेट्रोल में 25 फीसदी एथेनॉल मिलाने से पहले ऑटोमोबाइल कंपनियों, ऑयल मार्केटिंग कंपनियों और तकनीकी विशेषज्ञों से लगातार चर्चा की जा रही है। सरकार का कहना है कि किसी भी नए ईंधन को लागू करने से पहले उसके फायदे और संभावित जोखिमों का पूरी तरह आकलन जरूरी है। इस बीच सरकारी और निजी ऑयल रिफाइनरियां E25 पेट्रोल की सप्लाई के लिए लगभग पूरी तरह तैयार हैं। जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर भी विकसित किया जा चुका है, लेकिन इसकी बिक्री तभी शुरू होगी जब केंद्र सरकार आधिकारिक मंजूरी देगी। सरकार ने मई 2025 में E22, E25, E27 और E30 पेट्रोल के लिए नए भारतीय मानक भी जारी किए थे, जिससे साफ संकेत मिलता है कि भविष्य की तैयारी पहले से चल रही है। हालांकि E20 पेट्रोल को लेकर अभी भी बहस जारी है। कुछ विशेषज्ञों का मानना है कि ज्यादा एथेनॉल मिलने से माइलेज में 3 से 7 फीसदी तक की कमी आ सकती है और पुराने वाहनों के कुछ पुर्जों पर असर पड़ सकता है। वहीं केंद्र सरकार ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा है कि E20 से इंजन को नुकसान पहुंचने के ठोस वैज्ञानिक प्रमाण नहीं मिले हैं। पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी भी लोगों से अफवाहों के बजाय वैज्ञानिक तथ्यों पर भरोसा करने की अपील कर चुके हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि E25 लागू होता है तो वाहन कंपनियों को इंजन और फ्यूल सिस्टम में कुछ तकनीकी बदलाव करने पड़ सकते हैं, ताकि गाड़ियां नए ईंधन के साथ बेहतर प्रदर्शन कर सकें। दूसरी ओर, एथेनॉल ब्लेंडिंग बढ़ने से कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता घटेगी और किसानों से खरीदे जाने वाले एथेनॉल की मांग बढ़ेगी। फिलहाल सरकार सभी पहलुओं की समीक्षा के बाद ही E25 पेट्रोल पर अंतिम निर्णय लेगी।