Sports
FIFA WC 2026: नॉर्वे ने रचा इतिहास, ब्राजील का सफर खत्म, नेमार ने कहा अलविदा
July 6, 2026 Source: Civic Sutra
**FIFA WC 2026:** फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 16 में बड़ा उलटफेर देखने को मिला, जहां नॉर्वे ने पांच बार की विश्व चैंपियन ब्राजील को 2-1 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। इस जीत के साथ नॉर्वे ने क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली, जबकि हार के बाद ब्राजील के दिग्गज स्टार नेमार ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास लेने की घोषणा कर दी। इस फैसले ने दुनियाभर के फुटबॉल प्रशंसकों को भावुक कर दिया।
न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में खेले गए मुकाबले की शुरुआत बेहद रोमांचक रही। चौथे मिनट में नॉर्वे के पैट्रिक बर्ग ने गोल किया, लेकिन ऑफसाइड होने के कारण उसे मान्यता नहीं मिली। पहले हाफ में ब्राजील के पास बढ़त बनाने का शानदार मौका था, लेकिन ब्रूनो गिमारेस पेनाल्टी को गोल में नहीं बदल सके। दूसरे हाफ में एरलिंग हालैंड ने 79वें और 90वें मिनट में दो शानदार गोल दागकर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। अतिरिक्त समय में नेमार ने पेनाल्टी पर ब्राजील के लिए एकमात्र गोल किया, लेकिन टीम को हार से नहीं बचा सके। 36 साल बाद ब्राजील पहली बार राउंड ऑफ 16 से बाहर हुआ है।
जीत के बाद हालैंड ने अपने मशहूर **'VIKIN ROW'** सेलिब्रेशन से जश्न मनाया। टूर्नामेंट में उनके अब सात गोल हो चुके हैं और वह गोल्डन बूट की दौड़ में किलियन एमबाप्पे और लियोनेल मेसी के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं।
हार के बाद नेमार ने भावुक संदेश देते हुए कहा कि उन्होंने ब्राजील के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ दिया और अब उनकी अंतरराष्ट्रीय यात्रा समाप्त हो गई है। खास बात यह रही कि जिस मैदान पर उन्होंने 2010 में ब्राजील के लिए डेब्यू किया था, उसी मैदान पर उन्होंने अपने करियर को अलविदा कहा।
इस हार के साथ ब्राजील का यूरोपीय टीमों के खिलाफ खराब रिकॉर्ड भी कायम रहा। लगातार छठे विश्व कप में ब्राजील किसी यूरोपीय टीम से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हुआ है, जिससे टीम की विश्व कप में निराशाजनक परंपरा एक बार फिर जारी रही।