Saturday, July 11, 2026
English edition Join Group Now

Politics

‘मैं ब्राह्मण हूं’, पहली पंक्ति में सीट नहीं मिली तो अपनी ही पार्टी के विधायक पर बरसीं मेधा कुलकर्णी

June 27, 2026 Source: Civic Sutra

Join Now
‘मैं ब्राह्मण हूं’, पहली पंक्ति में सीट नहीं मिली तो अपनी ही पार्टी के विधायक पर बरसीं मेधा कुलकर्णी
महाराष्ट्र की बीजेपी राज्यसभा सांसद मेधा कुलकर्णी ने अपनी ही पार्टी के विधायक अभिमन्यु पवार पर जातिगत भेदभाव का गंभीर आरोप लगाया है। उनका दावा है कि पुणे में आयोजित मराठा समुदाय के सफल अभ्यर्थियों के सम्मान समारोह के दौरान उन्हें पहली पंक्ति में बैठने से केवल इसलिए रोका गया क्योंकि वह ब्राह्मण हैं। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस समेत कई वरिष्ठ नेता और अधिकारी भी मौजूद थे। मेधा कुलकर्णी के अनुसार, कार्यक्रम के अधिकारियों ने प्रोटोकॉल के तहत उन्हें पहली पंक्ति में बैठने का अधिकार बताया था। हालांकि, उनका आरोप है कि विधायक अभिमन्यु पवार ने यह कहते हुए उन्हें आगे बैठने से रोक दिया कि यह कार्यक्रम मराठा समाज के लिए आयोजित किया गया है और यदि वह पहली पंक्ति में बैठेंगी तो विवाद खड़ा हो सकता है। सांसद ने यह भी कहा कि वास्तविक वजह यह थी कि विधायक स्वयं पहली पंक्ति में बैठना चाहते थे। घटना से नाराज होकर वह कार्यक्रम बीच में ही छोड़कर चली गईं। यह सम्मान समारोह संघ लोक सेवा आयोग (UPSC), महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल मराठा समुदाय के अभ्यर्थियों के सम्मान के लिए आयोजित किया गया था। वहीं, आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए बीजेपी विधायक अभिमन्यु पवार ने सभी दावों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि पूरे मामले का जाति से कोई संबंध नहीं है और यह केवल एक गलतफहमी है। पवार के मुताबिक, उन्होंने सिर्फ इतना कहा था कि नरेंद्र पाटिल, जो महामंडल के अध्यक्ष हैं, उन्हें पहली पंक्ति में बैठाया जाए, जबकि सांसद और विधायक दूसरी पंक्ति में बैठ सकते हैं। उन्होंने दावा किया कि कार्यक्रम में मौजूद कई लोगों ने उनकी बात सुनी थी और जातिगत टिप्पणी जैसा कोई मामला नहीं था।