Sunday, August 30, 2026
English edition Join Group Now

World

अयातुल्ला खामेनेई के अंतिम संस्कार के लिए PM मोदी को मिला औपचारिक निमंत्रण

June 24, 2026 Source: Civic Sutra

Join Now
अयातुल्ला खामेनेई के अंतिम संस्कार के लिए PM मोदी को मिला औपचारिक निमंत्रण
ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के राजकीय अंतिम संस्कार को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को औपचारिक रूप से इस समारोह में शामिल होने का निमंत्रण भेजा है। हालांकि, भारत सरकार की ओर से अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि प्रधानमंत्री मोदी स्वयं इस कार्यक्रम में शामिल होंगे या भारत की ओर से कोई अन्य प्रतिनिधि भेजा जाएगा। अयातुल्ला अली खामेनेई की 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल के हमले में मौत हो गई थी। इसके बाद क्षेत्र में तनाव और ईरान-अमेरिका संघर्ष के चलते अंतिम संस्कार की प्रक्रिया को टाल दिया गया था। अब युद्धविराम के बाद ईरान ने 5 जुलाई से 9 जुलाई तक पांच दिनों तक चलने वाले राजकीय और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन करने का फैसला किया है। इस दौरान तेहरान, क़ोम, नजफ, करबला और मशहद जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक शहरों में विशेष समारोह आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में लाखों लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। 5, 6 और 7 जुलाई को तेहरान और पवित्र शहर क़ोम में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित होंगे। 6 जुलाई को तेहरान में भव्य अंतिम यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। इसके बाद 9 जुलाई को मशहद स्थित इमाम रज़ा दरगाह में अयातुल्ला अली खामेनेई को सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। करीब तीन दशकों तक ईरान का नेतृत्व करने वाले खामेनेई के अंतिम संस्कार को लेकर देश और दुनिया की निगाहें अब इन कार्यक्रमों पर टिकी हुई हैं।