Wednesday, June 24, 2026
English edition Join Group Now

India

Mumbai Rain: रातभर बरसे बादल, सुबह पानी में डूबी मुंबई! कई इलाकों में 3 फीट तक पानी

June 24, 2026 Source: Civic Sutra

Join Now
Mumbai Rain: रातभर बरसे बादल, सुबह पानी में डूबी मुंबई! कई इलाकों में 3 फीट तक पानी
मुंबई में मानसून की पहली ही जोरदार बारिश ने शहर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। मंगलवार रात से लगातार हुई मूसलाधार बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई और मुंबई की सड़कों पर करीब तीन फीट तक पानी भर गया। सबसे ज्यादा असर अंधेरी इलाके में देखने को मिला, जहां अंधेरी सबवे पूरी तरह पानी में डूब गया। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने अंडरपास को बंद कर दिया है। बारिश के चलते हार्बर लाइन पर रेल सेवाएं प्रभावित हुई हैं, जबकि पश्चिमी और सेंट्रल रेलवे की लोकल ट्रेनें 20 से 30 मिनट की देरी से चल रही हैं। कई निचले इलाकों में जलभराव के कारण लंबा ट्रैफिक जाम लग गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कुछ जगहों पर हालात ऐसे रहे कि लोग घरों में ही रहने को मजबूर हो गए। मौसम विभाग के अनुसार बीती रात 5 से 6 घंटे के दौरान मुंबई के अलग-अलग हिस्सों में 71 से 99 मिलीमीटर तक बारिश दर्ज की गई। वहीं, नायर अस्पताल क्षेत्र में सबसे ज्यादा 78.96 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। कल्याण, डोंबिवली, कर्जत और नेरल समेत कई इलाकों में भी तेज बारिश का सिलसिला जारी रहा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई और उसके उपनगरों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। ठाणे में ऑरेंज अलर्ट और पालघर जिले में भी रेड अलर्ट लागू किया गया है। वहीं रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और भारी बारिश जारी रहने की संभावना जताई है। प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।