Tuesday, June 23, 2026
English edition Join Group Now

India

बारिश के बीच वज्रपात का कहर, खूंटी में दो लोगों की गई जान, कई झुलसे

June 23, 2026 Source: Civic Sutra

Join Now
बारिश के बीच वज्रपात का कहर, खूंटी में दो लोगों की गई जान, कई झुलसे
झारखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच वज्रपात ने भारी तबाही मचाई है। राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में अब तक 8 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही 27 जून तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में खराब मौसम की संभावना जताई गई है। खूंटी जिले में रविवार को दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। पहली घटना कर्रा प्रखंड के पतराटोली गांव में हुई, जहां क्रिकेट मैच के दौरान अचानक मौसम खराब हो गया। तेज गर्जना के साथ हुए वज्रपात की चपेट में आने से 22 वर्षीय प्रेम बाखला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई युवक घायल हो गए। घटना के समय मैदान में बड़ी संख्या में खिलाड़ी और दर्शक मौजूद थे। घायलों को तुरंत कर्रा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां गंभीर रूप से घायल अंकित बाखला और जवकीम मिंज को बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स अस्पताल रेफर किया गया। वहीं दूसरी घटना तोरपा थाना क्षेत्र के हूसीर पंचायत के रोन्हे गांव में हुई। यहां बारिश के दौरान खेत में काम कर रहे निस्तार टोपनो पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इन घटनाओं के बाद पूरे खूंटी जिले में शोक का माहौल है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और खेतों में जाने से बचने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।