India
शेख हसीना की पार्टी के स्थापना दिवस से पहले बांग्लादेश सरकार सतर्क, देशभर में अलर्ट...
June 21, 2026 Source: Civic Sutra
बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के 23 जून को होने वाले स्थापना दिवस से पहले देशभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। खुफिया एजेंसियों से मिली जानकारी के आधार पर कानून-व्यवस्था बिगड़ने और संभावित हिंसा की आशंका जताई गई है, जिसके चलते सभी सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी विशेष निर्देश में कहा गया है कि अवामी लीग के समर्थक विभिन्न स्थानों पर पार्टी के झंडे फहरा सकते हैं, जुलूस निकाल सकते हैं और सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित कर सकते हैं। हाल के दिनों में देश के कई हिस्सों में अवामी लीग के नाम पर अचानक रैलियां और पर्चे बांटने की घटनाएं भी सामने आई हैं, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है।
गौरतलब है कि अगस्त 2024 में छात्र आंदोलन और हिंसक प्रदर्शनों के बाद शेख हसीना की सरकार सत्ता से बाहर हो गई थी। इसके बाद मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व में अंतरिम सरकार का गठन हुआ, जिसने अवामी लीग को भंग कर दिया था।
बांग्लादेश के गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि खुफिया रिपोर्टों के अनुसार 23 जून के आसपास अवामी लीग के कुछ समर्थक देश में अशांति और अस्थिरता पैदा करने की कोशिश कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की तोड़फोड़ या सार्वजनिक व्यवस्था को प्रभावित करने की कोशिश को रोकने के लिए कानून प्रवर्तन एजेंसियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
गृह मंत्री ने यह भी कहा कि मौजूदा सरकार अवामी लीग को एक सामान्य राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक "माफिया संगठन" के रूप में देखती है।