Friday, August 28, 2026
English edition Join Group Now

India

दिल्ली में मर्डर: पार्किंग को लेकर झगड़ा बना जानलेवा, आरोपी दबोचा गया...

June 14, 2026 Source: Civic Sutra

Join Now
दिल्ली में मर्डर: पार्किंग को लेकर झगड़ा बना जानलेवा, आरोपी दबोचा गया...
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के बाहरी इलाके सिरसपुर में पार्किंग को लेकर हुए मामूली विवाद ने एक व्यक्ति की जान ले ली। आरोप है कि ट्रक चालक ने दूसरे युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। बाहरी उत्तरी जिले के पुलिस उपायुक्त शोभित डी. सक्सेना के अनुसार, सात जून को रोहिणी स्थित बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति घायल अवस्था में भर्ती कराया गया है। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि सिरसपुर के चंदन पार्क निवासी 35 वर्षीय बबलू के पेट में गंभीर चोटें आई थीं। उस समय उसकी हालत ऐसी नहीं थी कि वह पुलिस को बयान दे सके। इसी बीच 10 जून को इलाज के दौरान बबलू की मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी। मृतक के चचेरे भाई ने पुलिस को बताया कि छह जून की रात करीब साढ़े आठ बजे महादेव धर्म कांटा के पास पार्किंग को लेकर बबलू और एक कैंटर चालक के बीच विवाद हो गया था। आरोप है कि विवाद के दौरान चालक पवन चौधरी ने बबलू के साथ मारपीट की और उसे लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा, जिससे उसके पेट में गंभीर चोटें आईं। हालत बिगड़ने पर उसकी इमरजेंसी सर्जरी भी करनी पड़ी, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी ट्रक चालक पवन चौधरी को गाजियाबाद के लोनी इलाके से गिरफ्तार कर लिया है। मृतक मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कासगंज का रहने वाला था और लंबे समय से दिल्ली के सिरसपुर स्थित चंदन विहार में रह रहा था।