Friday, August 28, 2026
English edition Join Group Now

India

‘पुष्पा’ जहांगीर खान गिरफ्तार, STF ने नेपाल बॉर्डर से पकड़ा, फाल्टा चुनाव लड़ने से गिरफ्तारी के डर से किया इनकार...

June 8, 2026 Source: Civic Sutra

Join Now
‘पुष्पा’ जहांगीर खान गिरफ्तार, STF ने नेपाल बॉर्डर से पकड़ा, फाल्टा चुनाव लड़ने से गिरफ्तारी के डर से किया इनकार...
पश्चिम बंगाल से इस समय की बड़ी खबर में टीएमसी नेता जहांगीर खान की गिरफ्तारी सामने आई है। बंगाल एसटीएफ ने उसे नेपाल बॉर्डर के पास स्थित पशुपतिनाथ मार्केट इलाके से पकड़ा, जब वह कथित रूप से नेपाल भागने की कोशिश कर रहा था। जानकारी के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए वह सीमावर्ती क्षेत्र के रास्ते देश छोड़कर नेपाल जाने की कोशिश में था, लेकिन खुफिया सूचना के आधार पर एसटीएफ ने उसे दबोच लिया। जहांगीर खान पर 2024 के चुनाव से जुड़े कई गंभीर आरोप हैं, जिनमें लोगों को डराने-धमकाने, जबरन वसूली, अवैध रूप से जमीन पर कब्जा करने और काले धन से संपत्ति जुटाने जैसे मामले शामिल हैं। उसके खिलाफ कुल सात केस दर्ज बताए जा रहे हैं, जिनमें हत्या के प्रयास और दंगा भड़काने जैसी गंभीर धाराएं भी शामिल हैं। इसके अलावा, उस पर मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप भी हैं, जिनकी जांच ईडी द्वारा की जा रही है। बताया जाता है कि जहांगीर खान लंबे समय से फरार चल रहा था और फाल्टा विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ने से भी उसने कथित तौर पर गिरफ्तारी के डर से इनकार कर दिया था। पहले उसे कोलकाता हाईकोर्ट से अंतरिम सुरक्षा मिली हुई थी, लेकिन समय सीमा समाप्त होने के बाद अदालत ने इसे आगे बढ़ाने से मना कर दिया, जिसके बाद उसकी मुश्किलें और बढ़ गईं। राजनीतिक हलकों में उसका नाम पहले भी सुर्खियों में रहा है, खासकर तब जब उसने चुनाव के दौरान एक आईपीएस अधिकारी को कथित तौर पर धमकी दी थी। वहीं चुनाव प्रक्रिया के दौरान गड़बड़ी से जुड़े एक वीडियो के सामने आने के बाद चुनाव आयोग ने मतदान रद्द कर दोबारा चुनाव कराने का आदेश दिया था। फिलहाल जहांगीर खान की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और जल्द ही मामले में विस्तृत जानकारी प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए साझा किए जाने की संभावना है।