Saturday, August 29, 2026
English edition Join Group Now

India

CBSE विवाद उजागर करने वाले सार्थक के मुरीद हुए राहुल गांधी, बोले- CBI से भी आगे निकला...

June 7, 2026 Source: Civic Sutra

Join Now
CBSE विवाद उजागर करने वाले सार्थक के मुरीद हुए राहुल गांधी, बोले- CBI से भी आगे निकला...
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सीबीएसई की ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) व्यवस्था में कथित खामियों को उजागर करने वाले 18 वर्षीय छात्र सार्थक की खुलकर प्रशंसा की है। राहुल गांधी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सार्थक के साथ एक वीडियो साझा करते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में भी सार्थक ने साहस, समझ और जिम्मेदारी का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि सार्थक और उनके साथी निसर्ग ने वह काम कर दिखाया, जिसे बड़े मीडिया संस्थान और खोजी पत्रकार भी सामने नहीं ला सके। राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में आरोप लगाया कि दोनों छात्रों ने सीबीएसई और COEMPT के बीच कथित मिलीभगत से जुड़े मुद्दों को देश के सामने रखा। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं को केवल मनोरंजन तक सीमित रखने की कोशिश की जाती है, लेकिन इन छात्रों ने सवाल पूछे और जवाब भी खोज निकाले। राहुल ने इसे युवाओं की जीत और सरकार की हार बताते हुए कहा कि भारत की असली ताकत जागरूक, जिज्ञासु और जिम्मेदार युवा हैं। सार्थक हाल ही में सीबीएसई के OSM विवाद के बाद चर्चा में आए थे। मई 2026 में सामने आए इस विवाद में छात्रों ने आरोप लगाया था कि डिजिटल मूल्यांकन के लिए स्कैन की गई उत्तर पुस्तिकाएं स्पष्ट नहीं थीं और कई मामलों में वास्तविक उत्तर पुस्तिकाओं से मेल नहीं खाती थीं। इसके चलते मूल्यांकन प्रक्रिया पर सवाल उठे और बड़ी संख्या में छात्रों ने पुनर्मूल्यांकन की मांग की। रिपोर्टों के अनुसार, सार्थक ने सात पन्नों का एक विस्तृत प्रेजेंटेशन तैयार कर ऑन-स्क्रीन मार्किंग सिस्टम और उससे जुड़े टेंडर प्रक्रिया की कथित खामियों को उजागर किया था। इसी मामले के बाद 2 जून 2026 को केंद्र सरकार ने सीबीएसई के तत्कालीन चेयरमैन राहुल सिंह और सचिव हिमांशु गुप्ता का तबादला कर दिया था। सार्थक स्वयं इस वर्ष कक्षा 12 के छात्र रहे हैं और उन्होंने अपने परीक्षा परिणामों के बाद मूल्यांकन प्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए थे।