Monday, August 31, 2026
English edition Join Group Now

World

भारत और नेपाल के रिश्तों को नई मजबूती, UPI सेवा पर बनी सहमति; खनाल बोले- हम साझा विरासत की संतान हैं...

June 7, 2026 Source: Civic Sutra

Join Now
भारत और नेपाल के रिश्तों को नई मजबूती, UPI सेवा पर बनी सहमति; खनाल बोले- हम साझा विरासत की संतान हैं...
भारत दौरे पर आए नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने भारत-नेपाल संबंधों को और मजबूत बनाने पर जोर देते हुए कहा कि दोनों देश सिर्फ पड़ोसी नहीं हैं, बल्कि साझा इतिहास, संस्कृति, नदियों और पर्वतों से गहराई से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल एक ही सभ्यता और प्राचीन ज्ञान परंपरा के उत्तराधिकारी हैं और दोनों देशों के बीच सहयोग का नया दौर शुरू हो रहा है। खनाल ने भारत को तेजी से उभरती आर्थिक और तकनीकी शक्ति बताते हुए कहा कि नेपाल विकास और समृद्धि के लिए भारत के साथ अपनी साझेदारी को और व्यापक बनाना चाहता है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के रिश्तों को पारंपरिक भू-राजनीतिक दृष्टिकोण से नहीं, बल्कि भविष्य की संभावनाओं और साझा हितों के आधार पर देखा जाना चाहिए। नई दिल्ली में विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ हुई बैठक के दौरान व्यापार, ऊर्जा, सीमा-पार संपर्क, जल संसाधन प्रबंधन और लोगों के बीच संबंधों को और मजबूत करने जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान कई महत्वपूर्ण समझौतों पर भी सहमति बनी। इसी क्रम में नेपाल की नेशनल पेमेंट्स कंपनी लिमिटेड (NHCL) और भारत की नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) के बीच समझौता हुआ, जिसके बाद नेपाल में भी UPI आधारित डिजिटल भुगतान प्रणाली को बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा काठमांडू विश्वविद्यालय के डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस केंद्र तथा भारत के डिजिटल इंडिया मिशन के बीच भी एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इसके अलावा शिशिर खनाल ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल से भी मुलाकात की, जिसमें सड़क और रेल संपर्क, बिजली व्यापार, पर्यटन तथा सांस्कृतिक सहयोग को और विस्तार देने पर चर्चा की गई।