Thursday, June 18, 2026
English edition Join Group Now

India

CBSE Portal Controversy: साइबर अटैक के बाद फीस 1 रुपये से 68 हजार तक पहुंची

May 30, 2026 Source: Civic Sutra

Join Now
CBSE Portal Controversy: साइबर अटैक के बाद फीस 1 रुपये से 68 हजार तक पहुंची
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) एक बार फिर चर्चा में है। 12वीं बोर्ड परीक्षा के परिणाम जारी होने के बाद से मूल्यांकन प्रक्रिया और डिजिटल सिस्टम को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। अब CBSE के री-वैल्यूएशन (पुनर्मूल्यांकन) पोर्टल से जुड़ी एक नई जानकारी सामने आई है, जिसने बोर्ड की चिंताएं बढ़ा दी हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सरकारी सूत्रों ने खुलासा किया है कि CBSE के पुनर्मूल्यांकन पोर्टल के पेमेंट सिस्टम पर साइबर अटैक हुआ था। इस दौरान लगभग 50 छात्रों ने कथित रूप से पोर्टल तक अनधिकृत पहुंच हासिल कर ली थी, जिसके कारण आवेदन शुल्क में असामान्य बदलाव देखने को मिले। कुछ मामलों में फीस मात्र 1 रुपये दिखाई दी, जबकि कुछ छात्रों के लिए यह बढ़कर 67,000 से 68,000 रुपये तक पहुंच गई। यह समस्या उस समय सामने आई जब छात्र अपनी उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन और मार्क्स वेरिफिकेशन के लिए आवेदन कर रहे थे। छात्रों ने सोशल मीडिया और ईमेल के माध्यम से बोर्ड के सामने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। इसके बाद मामले की जांच शुरू की गई। इस विवाद के बीच एक 19 वर्षीय युवक ने सोशल मीडिया पर दावा किया था कि उसने CBSE के ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) पोर्टल को हैक कर लिया है। हालांकि, बोर्ड ने बाद में स्पष्ट किया कि संबंधित पोर्टल एक डमी प्लेटफॉर्म था और आधिकारिक सिस्टम सुरक्षित था। फिर भी हालिया घटनाओं के बाद CBSE की डिजिटल सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। तकनीकी समस्याओं और बड़ी संख्या में प्राप्त शिकायतों को देखते हुए CBSE ने कक्षा 12वीं के छात्रों के लिए री-वैल्यूएशन और मार्क्स वेरिफिकेशन प्रक्रिया की तारीख आगे बढ़ा दी है। पहले आवेदन प्रक्रिया 29 मई से शुरू होने वाली थी, लेकिन अब पोर्टल 1 जून 2026 से खोला जाएगा। छात्र CBSE की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। छात्रों की सहायता के लिए बोर्ड ने 24×7 हेल्पलाइन सेवा भी शुरू की है। इसके तहत टोल-फ्री नंबर 1800-11-8004 जारी किया गया है। साथ ही [info.cbse@nic.in](mailto:info.cbse@nic.in) और [resultcbse2026@cbseshiksha.in](mailto:resultcbse2026@cbseshiksha.in) पर ईमेल सहायता भी उपलब्ध कराई गई है। CBSE का कहना है कि यह सुविधा छात्रों को परिणाम, मूल्यांकन और संबंधित तनाव से जुड़े मुद्दों पर सहायता प्रदान करेगी।