Thursday, June 18, 2026
English edition Join Group Now

India

छत्तीसगढ़: समाधान शिविर में रिश्वतखोर बाबू गिरफ्तार, ACB ने पकड़ा रंगे हाथ

May 29, 2026 Source: Civic Sutra

Join Now
छत्तीसगढ़: समाधान शिविर में रिश्वतखोर बाबू गिरफ्तार, ACB ने पकड़ा रंगे हाथ
छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में कोरबा जिले के तुमान में आयोजित सुशासन तिहार समाधान शिविर के दौरान ACB की टीम ने एक सरकारी कर्मचारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई के बाद शिविर स्थल पर हड़कंप मच गया और प्रशासनिक महकमे में भी खलबली मच गई। जानकारी के अनुसार, सहायक ग्रेड-2 के कर्मचारी प्रदीप मिश्रा पर एक सेवानिवृत्त शिक्षक अमृतलाल बघेल से काम कराने के बदले 40 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप था। पीड़ित ने इसकी शिकायत बिलासपुर एंटी करप्शन ब्यूरो से की थी। शिकायत की जांच के बाद ACB ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की और समाधान शिविर में ही आरोपी को रिश्वत की रकम लेते हुए पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि बिलासपुर ACB के डीएसपी अजीत सिंह के नेतृत्व में टीम ने अचानक शिविर में दबिश दी। जैसे ही आरोपी कर्मचारी ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद आरोपी को पूछताछ के लिए हिरासत में रखा गया है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। इसी तरह रायगढ़ जिले में भी ACB ने रिश्वतखोरी के एक अन्य मामले में कार्रवाई करते हुए एक लिपिक को गिरफ्तार किया है। मामला धरमजयगढ़ अनुविभाग के छाल तहसील कार्यालय का है, जहां किसान भानुप्रताप पटेल से खसरा बी-1 में त्रुटि सुधार करने के नाम पर 60 हजार रुपये की मांग की गई थी। शिकायत मिलने के बाद ACB की टीम ने ट्रैप कार्रवाई कर आरोपी तुलाराम पटेल को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। जानकारी के मुताबिक आरोपी तुलाराम पटेल शिक्षक पद पर कार्यरत है और तहसील कार्यालय में लिपिक के रूप में अटैच था। ACB अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। आवश्यक दस्तावेज और साक्ष्यों की जांच के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से साफ है कि छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एजेंसियां सक्रिय हैं और रिश्वतखोरी करने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।