Thursday, June 11, 2026
English edition Join Group Now

World

नेतन्याहू का नया प्लान, गाजा के 70 फीसदी हिस्से पर सेना तैनात करने का आदेश

May 29, 2026 Source: Civic Sutra

Join Now
नेतन्याहू का नया प्लान, गाजा के 70 फीसदी हिस्से पर सेना तैनात करने का आदेश
मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच इजराइल ने गाजा पट्टी में अपनी सैन्य गतिविधियां और तेज कर दी हैं। इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सेना को गाजा पट्टी के 70 फीसदी हिस्से पर नियंत्रण स्थापित करने का निर्देश दिया है। इससे पहले इजराइल गाजा के लगभग 50 फीसदी हिस्से पर नियंत्रण होने का दावा कर रहा था, जो अब बढ़कर करीब 60 फीसदी तक पहुंच चुका है। अब अगला लक्ष्य 70 फीसदी क्षेत्र को अपने कब्जे में लेना बताया जा रहा है। वेस्ट बैंक में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान नेतन्याहू ने कहा कि इजरायली सेना धीरे-धीरे गाजा में अपना दायरा बढ़ा रही है और हमास के खिलाफ सैन्य अभियान जारी रहेगा। उन्होंने साफ संकेत दिए कि इजराइल अपनी सुरक्षा रणनीति के तहत गाजा में और अधिक नियंत्रण स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद कुछ लोगों ने पूरे गाजा पर कब्जा करने की मांग करते हुए नारे भी लगाए। हालांकि इजराइल और हमास के बीच युद्धविराम को लेकर बातचीत जारी है, लेकिन इसके बावजूद गाजा के बड़े हिस्से पर इजरायली सेना का नियंत्रण बना हुआ है। दूसरी ओर, हमास अब केवल तटीय इलाके के सीमित हिस्से में ही सक्रिय बताया जा रहा है। सीजफायर समझौते के अगले चरण को लेकर दोनों पक्षों के बीच बातचीत हो रही है, जिसमें हमास के हथियार छोड़ने और गाजा से इजरायली सैनिकों की वापसी जैसे मुद्दे शामिल हैं। इजरायली सेना ने अप्रैल 2026 में गाजा पट्टी का एक नक्शा जारी किया था, जिसमें करीब 64 फीसदी क्षेत्र पर अपने नियंत्रण का दावा किया गया था। अब यदि इजराइल आगे बढ़कर 70 फीसदी हिस्से पर कब्जा कर लेता है, तो इसका सबसे बड़ा असर वहां रहने वाले फिलिस्तीनियों पर पड़ेगा। अनुमान है कि करीब 20 लाख फिलिस्तीनी नागरिकों को बेहद छोटे और सीमित तटीय क्षेत्र में रहने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है। गाजा में लगातार बढ़ते सैन्य अभियान और नियंत्रण को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चिंता बढ़ रही है। कई देशों और मानवाधिकार संगठनों ने आम नागरिकों की सुरक्षा और मानवीय संकट को लेकर सवाल उठाए हैं। आने वाले दिनों में यह संघर्ष किस दिशा में जाएगा, इस पर पूरी दुनिया की नजर बनी हुई है।