Friday, October 9, 2026
English edition Join Group Now

Sports

बल्लेबाजों के बाद गेंदबाजों का कहर, RCB ने गुजरात को हराकर फाइनल का टिकट कटाया

May 27, 2026 Source: Civic Sutra

Join Now
बल्लेबाजों के बाद गेंदबाजों का कहर, RCB ने गुजरात को हराकर फाइनल का टिकट कटाया
IPL 2026 के पहले क्वालिफायर मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने दमदार प्रदर्शन करते हुए गुजरात टाइटंस को 92 रन से हराकर लगातार दूसरी बार फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में RCB ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में शानदार खेल दिखाया। पिछले सीजन पहली बार आईपीएल ट्रॉफी जीतने वाली बेंगलुरु अब लगातार दूसरे खिताब से सिर्फ एक कदम दूर है। साथ ही टीम ने आईपीएल इतिहास में पांचवीं बार फाइनल में प्रवेश किया है। टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी RCB की शुरुआत संतुलित रही, लेकिन कप्तान रजत पाटीदार ने अपनी विस्फोटक पारी से मैच का पूरा रुख बदल दिया। पाटीदार ने नाबाद 93 रन बनाते हुए गुजरात के गेंदबाजों पर जमकर हमला बोला। उनके अलावा विराट कोहली और क्रुणाल पांड्या ने 43-43 रन की महत्वपूर्ण पारियां खेलीं। देवदत्त पडिक्कल ने 30 रन का योगदान दिया, जबकि वेंकटेश अय्यर और जितेश शर्मा ने तेजी से रन जोड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। अंतिम ओवरों में टिम डेविड की तेज बल्लेबाजी की बदौलत बेंगलुरु ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 254 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। गुजरात टाइटंस की ओर से जेसन होल्डर और कैगिसो रबाडा ने दो-दो विकेट हासिल किए, लेकिन बाकी गेंदबाज RCB के बल्लेबाजों को रोकने में नाकाम रहे। 255 रन के कठिन लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। पावरप्ले के अंदर ही टीम ने अपने पांच अहम विकेट गंवा दिए। कप्तान शुभमन गिल केवल 2 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि साई सुदर्शन और जोस बटलर भी बड़ी पारी खेलने में असफल रहे। लगातार विकेट गिरने के बीच राहुल तेवतिया ने अकेले संघर्ष करते हुए 68 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन उन्हें दूसरे बल्लेबाजों का साथ नहीं मिला। गुजरात की पूरी टीम 19.3 ओवर में 162 रन पर ऑलआउट हो गई। RCB की ओर से जैकब डफी ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए, जबकि रसिख सलाम डार, क्रुणाल पांड्या और भुवनेश्वर कुमार ने दो-दो विकेट हासिल किए। हालांकि इस हार के बावजूद गुजरात टाइटंस की फाइनल में पहुंचने की उम्मीद अभी बाकी है। टॉप-2 में रहने की वजह से टीम को क्वालिफायर-2 खेलने का मौका मिलेगा, जहां उसका मुकाबला राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच होने वाले एलिमिनेटर मैच की विजेता टीम से होगा। उस मुकाबले की विजेता टीम फाइनल में RCB से भिड़ेगी।