Tuesday, May 26, 2026
English edition Join Group Now

India

फाल्टा में टूटे सारे रिकॉर्ड! BJP की प्रचंड जीत, TMC उम्मीदवार चौथे नंबर पर खिसके

May 24, 2026 Source: Civic Sutra

Join Now
फाल्टा में टूटे सारे रिकॉर्ड! BJP की प्रचंड जीत, TMC उम्मीदवार चौथे नंबर पर खिसके
पश्चिम बंगाल की फाल्टा विधानसभा सीट पर हुए पुनर्मतदान में भारतीय जनता पार्टी ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए बड़ी जीत दर्ज की है। 21 राउंड की मतगणना के बाद भाजपा उम्मीदवार देबांग्शु पांडा ने रिकॉर्ड 1,09,021 वोटों के अंतर से जीत हासिल की। इस जीत को भाजपा के लिए बड़ा राजनीतिक संदेश माना जा रहा है, क्योंकि फाल्टा सीट पर पार्टी आज तक कभी जीत दर्ज नहीं कर सकी थी। इस बार जनता ने एकतरफा तरीके से भाजपा के पक्ष में मतदान किया और पार्टी ने इलाके में नया इतिहास रच दिया। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, देबांग्शु पांडा को कुल 1,49,666 वोट मिले। दूसरे स्थान पर CPI(M) के शंभू नाथ कुर्मी रहे, जिन्हें 40,645 वोट प्राप्त हुए। वहीं सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (TMC) के उम्मीदवार जहांगीर खान का प्रदर्शन बेहद खराब रहा और वह चौथे स्थान पर पहुंच गए। उन्हें केवल 7,783 वोट मिले। कांग्रेस उम्मीदवार अब्दुर रज्जाक मोल्ला को भी सीमित समर्थन मिला और वे 10,084 वोट ही जुटा सके। नतीजों ने साफ संकेत दिया कि फाल्टा में इस बार भाजपा की जबरदस्त लहर देखने को मिली। फाल्टा सीट पर दोबारा मतदान कराने का फैसला 29 अप्रैल को हुए विवादों के बाद लिया गया था। मतदान के दौरान कई बूथों पर EVM से छेड़छाड़ और भाजपा के चुनाव चिह्न पर टेप लगाए जाने की शिकायतें सामने आई थीं। जांच के दौरान करीब 60 बूथों पर गड़बड़ी के सबूत मिले थे। इसके अलावा कई मतदान केंद्रों के वेब कैमरों की फुटेज में भी कथित छेड़छाड़ की बात सामने आई थी। इन आरोपों के बाद निर्वाचन आयोग ने पुनर्मतदान कराने का निर्णय लिया। राजनीतिक रूप से फाल्टा सीट लंबे समय तक CPI(M) और बाद में TMC का मजबूत गढ़ रही है। 2011 के बाद से लगातार TMC यहां जीत दर्ज करती रही थी, लेकिन इस बार भाजपा ने पहली बार सीट अपने नाम कर ली। फाल्टा दक्षिण 24 परगना जिले का हिस्सा है, जहां कुल 31 विधानसभा सीटें हैं। जिले की कई सीटों पर भाजपा ने इस चुनाव में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है और शहरी इलाकों में भी पहली बार जीत हासिल की है। भाजपा नेताओं ने इस जीत को “डायमंड हार्बर मॉडल” की हार बताया है। पार्टी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया पर कहा कि बंगाल की जनता ने शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन पर भरोसा जताया है। भाजपा खेमे में इस जीत के बाद जश्न का माहौल है, जबकि TMC के लिए यह परिणाम बड़ा झटका माना जा रहा है।